अपहरण की साजिश में आस्ट्रेलियाई नागरिक सहित 3 गिरफ्तार (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान ग्रांट एलनेस्टीन (44), साइमन गाल्टी (44) और पंजाब के रोपड़ कस्बे के निवासी गुरशेर सिंह (39) के रूप में हुई है। एलनेस्टी और गाल्टी आस्ट्रेलियाई नागरिक हैं।
पुलिस महानिरीक्षक (चंडीगढ़) प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने यहां शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "मुखबिर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने यहां सेक्टर 35 में जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरशेर का आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान साइमन और ग्रांट से संपर्क हुआ था। वह छात्र वीजा पर आस्ट्रेलिया गया था।"
श्रीवास्तव ने कहा, "तीनों ने हर्ष नामक एक युवक की गिरफ्तारी की साजिश रची थी। वह रोपड़ में रहता है और गुरशेर का परिचित है। तीनों ने हर्ष के परिवार से एक करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने की साजिश रची थी और उस पैसे से नशीले पदार्थो के कारोबार में उतरने की योजना बनाई थी।"
पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 ग्राम चरस, तीन एयर पिस्टल, दो चाकू और एक जिप्सी वाहन बरामद किया है।
तीनों के खिलाफ नारकोटिक्स, ड्रग एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम एवं हथियार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत तथा हत्या के लिए अपहरण करने का मामला दर्ज किया गया है।
अपराध शाखा के एक अधिकारी ने यहां कहा, "हम पिछले कुछ दिनों से तीनों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। हमें संदेह है कि तीनों के क्षेत्र के अन्य ड्रग कारोबारियों से संपर्क हैं। हम उनसे पूछताछ करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications