बांग्लादेश की आजादी के नायकों की याद में बनेगा स्मारक
अगरतला, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष के दौरान वर्ष 1971 में शहीद हुए भारतीय सैनिकों और बांग्लादेशी स्वतंत्रता सेनानियों की याद में भारत की तरफ से त्रिपुरा में एक स्मारक और पार्क का निर्माण किया जाएगा।
त्रिपुरा के एक मंत्री के मुताबिक बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी 15 सिंतबर को स्मारक और मुक्ति जोधा पार्क की आधारशिला रखेंगी।
राज्य के वाणिज्य एंव उद्योग मंत्री जितेंद्र चौधरी ने कहा, "अगरतला से 130 किलोमीटर दक्षिण में स्थित चोटाखोला में 2.3 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पार्क और स्मारक का निर्माण किया जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1971 में बांग्लादेश की स्वतंत्रता के लिए हुए युद्ध के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों की मुक्ति वाहिनी के लिए सीमावर्ती गांव में एक प्रशिक्षण शिविर बनाया गया था। भारत ने इस युद्ध में पाकिस्तान को पराजित किया था जिसके बाद बांग्लादेश का गठन हुआ था।
मुक्ति जोधा पार्क को त्रिपुरा वन विभाग द्वारा त्रिचना वन्यजीव अभयारण्य के निकट विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में एक संग्राहलय भी बनाया जाएगा जिसमें यद्ध के समय के अवशेषों के अलावा हथियार, गोलियां, दुर्लभ चित्रों और युद्ध साहित्य को संजोकर रखा जाएगा।
चौधरी ने बताया, "दीपू मोनी के दौरे के समय बांग्लादेश और पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच व्यापार के क्षेत्र में सुधार के बारे में तथा व्यापार से जुड़ी बुनियादी ढांचे के विकास के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।" उम्मीद की जा रही है कि मोनी के साथ बांग्लादेश का एक उच्च स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी दौरे पर आएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications