जयपुर में तेज बारिश, दीवार ढहने से 2 मरे
शहर पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार शहर के उपनगरीय क्षेत्र कानोता के दयारामपुरा गांव में शुक्रवार सुबह एक ढाबे की दीवार गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार ढाबे के मालिक भगवान सहाय शर्मा गुरुवार रात को बारिश के कारण ढाबे में ही सो गए। शर्मा के साथ ही आस-पास के इलाके में मजदूरी करने वाले ताराचंद्र कुमावत और अन्य तीन लोग भी सो गए। ढाबे में पानी भरने के बाद शुक्रवार सुबह दीवार अचानक ही ढह गई जिसमें पांच लोग दब गए।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी और अन्य तीन को गंभीर अवस्था में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से शहर में कई स्थानों पर सीवेज की बड़ी लाइने क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications