पाकिस्तान बाढ़ : नवजात बच्चों के कुपोषित होने की आशंका
इस्लामाबाद, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाद्य पदार्थो की कमी के चलते पिछले छह महीनों में जन्मे 85 हजार से ज्यादा बच्चों के कुपोषित होने की आशंका है। इसके अलावा इनमें पोलियो और चेचक फैलने की गंभीर आशंका है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा अधिकारी इन बीमारियों की रोकथाम के लिए जरूरी प्रयास कर रहे हैं।
पाकिस्तान में अब तक की सबसे भीषण बाढ़ में पिछले तीन सप्ताह में 1,600 लोगों की मौत हो गई है और दो करोड़ लोग अपने घरों से विस्थापित हो गए हैं। देश का 20 प्रतिशत क्षेत्रफल पानी में डूब गया है जिससे राहत कार्यो में लगे लोगों और पीड़ितों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
राहत शिविर स्थापित किए गए हैं लेकिन उनमें पीड़ितों के लिए खाना और सुविधाएं अपर्याप्त हैं।
प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा है। इसके चलते कई इलाकों में प्रशासन के खिलाफ विरोध भी दर्ज किया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव खुशनूद अख्तर लसहरी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन अन्य संस्थाओं की मदद से चेचक रोकने के लिए टीकाकरण अभियान चलाने की योजना तैयार की जा रही है।
लसहरी ने कहा, "टीकाकरण अभियान चलाने के लिए हमें 40 करोड़ रुपये की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य केंद्र नष्ट होने से स्वास्थ्य चुनौतियां बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में महिलाओं एवं बच्चों में मुफ्त विटामिन की गोलियां वितरित करने के लिए चलित इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications