सत्यम घोटाला: रामालिंगा राजू को सशर्त जमानत
हैदराबाद। अब तक के सबसे बड़े कॉर्पोरेट घोटाले- सत्यम घोटाले के मुख्य आरेपी रामालिंगा राजू को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है। राजू की जमानत स्वास्थ्य कारणों के चलते मंजूर की गई है। हालांकि कोर्ट ने साफ कहा है कि उन्हें बिना अनुमति के अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जा सकता है।
ज्ञात हो कि राजू को हेपीटाइटिस सी बीमारी के इलाज के लिए हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका मंजूर तो कर ली लेकिन एक शर्त यह लगा दी कि वो अग्रिम आदेश तक अस्पताल में ही रहेंगे। अस्पताल से उन्हें छुट्टी नहीं दी जाएगी।
बीस-बीस लाख के मुचलके पर दी गई जमानत के अंतर्गत यह भी कहा गया है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद भी राजू को रोजाना जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होना होगा।
उधर केंद्रीय जांच ब्यूरो के अधिकारियों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर आरोप लगाया है कि वो जानबूझ कर राजू के इलाज में देरी कर रहे हैं, जिससे उनकी पेशी में काफी समय लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications