संसद में मोदी और परमाणु विधेयक पर हंगामा, कार्यवाही बाधित
भाजपा को छोड़ अन्य विपक्षी दलों ने यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा में उठाया। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले दिन में 12 बजे और फिर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। दूसरी ओर राज्यसभा की कार्यवाही पहले दो बार स्थगित की गई और हंगामा न थमने पर इसे मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होते ही सपा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वाम दलों के सदस्य हंगामा करते हुए लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार के आसन के समीप पहुंच गए। सपा नेता मुलायम सिंह यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने हाथों में अखबारों की प्रतियां लहराते हुए कांग्रेस और भाजपा के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया।
हंगामा न थमता देख मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही 12बजे तक स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर हंगामा जारी रहा। इस वजह लोकसभा के उपाध्यक्ष करिया मुंडा ने कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी।
ससंद भवन के बाहर मुलायम ने संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस और भाजपा में परमाणु विधेयक को लेकर समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत नरेंद्र मोदी (गुजरात के मुख्यमंत्री) को सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले में बचाया गया और दूसरी ओर भाजपा इस विधेयक पर सरकार का साथ देने पर सहमत हो गई।"
उधर, राज्यसभा में भी इसी मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ। भाजपा को छोड़कर अन्य विपक्षी दलों ने जमकर नारेबाजी की। हंगामा ने थमता देख सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11.17 बजे और फिर 12 बजे तक स्थगित की गई। तीसरी बार कार्यवाही आरंभ होने पर उप सभापति के. रहमान खान ने प्रश्नकाल चलने देने की अपील की लेकिन हंगामा नहीं थमा। ऐसे में उन्होने कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications