बरेली में हिंसक झ्झड़पों के मामले में 34 गिरफ्तार
बरेली के फरीदपुर कस्बे में तनाव का माहौल है। इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी फरीदपुर में डेरा डाले हैं। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को फरीदपुर के मिर्धान मुहल्ले में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। दो गुटों में पत्थर, बम और गोलियां चलीं, जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गये। उपद्रवियों ने कई दुकानों और वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
बरेली के जिलाधिकारी अनिल गर्ग ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि घायलों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की हालत अभी तक चिंताजनक बनी हुई है।
गर्ग ने बताया कि फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है। पूरे इलाके में पुलिस के अलावा त्वरित कार्य बल(आरएएफ) और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह तक 34 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। तनावग्रस्त इलाके में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाने की खबरों को जिलाधिकारी ने अफवाह करार दिया।
गौरतलब है कि फरीदपुर में दो गुटों में विवाद की शुरुआत शनिवार को हुई थी। कांवड़ियों के जत्थे में शामिल मिनी ट्रक के चालक को एक समुदाय के लोगों द्वारा पीटे जाने के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications