उत्तराखण्ड में स्कूल इमारत ढही, 18 बच्चों की मौत
शिमला | उत्तराखण्ड के बागेश्वर जिले के कापकोट गांव में बादल फटने से हुई मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण एक स्कूल की इमारत ढह गई, जिस कारण से कम से कम 18 बच्चों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। छह बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है लेकिन भारी बारिश के कारण इसमें बाधा आ रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ाई चल रही थी। स्कूल की इमारत पुरानी थी और वह बादल फटने और भूस्खलन का असर नहीं झेल पाई। उन्होंने बताया, "राहत दल सहायता कार्यो में जुटे हुए हैं और और राहत व बचाव कार्य जारी है।" आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छह बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। सरस्वती शिशु मंदिर की इमारत ढह जाने से बच्चे मलबे में फंस गए। उन्होंने बताया कि कुछ शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि कुछ के अभी तक दबे होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। निशंक ने घोषणा की कि मृत बच्चों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि तुरंत दी जाएगी। उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और कहा कि मौसम ठीक होते ही वह घटनास्थल के लिए रवाना हो जाएंगे। राज्य के आपदा राहत मंत्री खजान दास ने बताया कि अब तक 18 बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं और छह बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत कार्यो में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, उत्तराखण्ड पुलिस के अलावा स्थानीय ग्रामीण जुटे हुए हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा, "भारी नुकसान हुआ है लेकिन मासूम बच्चों की मौत दुखद है। ये उनके परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है।"












Click it and Unblock the Notifications