राष्ट्रमंडल खेल : फेनेल आयोजन स्थलों से संतुष्ट (राउंडअप)

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइक फेनेल ने बुधवार को राजधानी में स्थित कुछ प्रमुख आयोजन स्थलों का दौरा किया और कहा कि इन स्थलों के बारे में उन्हें जो जानकारियां मिल रही थीं, ये स्थल उससे कई गुना बेहतर हैं।

फेनेल 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों का मुआयना करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर हैं।

फेनेल ने कुछ आयोजन स्थलों का दौरा करने के बाद कार्य की प्रगति से संतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने अपने साथ भ्रमण कर रहे अधिकारियों से कुछ इसी तरह का आशय प्रकट किया।

राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति (सीजीओसी) के एक शीर्ष अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि फेनेल सभी आयोजन स्थलों के खेल पंडालों, ड्रेसिंग रूम्स और मीडिया सुविधाओं से प्रभावित थे।

अधिकारी ने कहा, "फेनेल ने सभी आयोजन स्थलों में सुविधाओं की जांच करने में विशेष रुचि ली। वह खासतौर से नवीनीकृत किए गए इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर से काफी प्रभावित हुए, जहां जिम्नास्टिक, कुश्ती और साइकिलिंग संबंधी प्रतियोगिताएं होंगी।"

यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी उनके चेहरे पर संतोष का भाव था। वहां टेबल टेनिस और तीरअंदाजी की प्रतियोगिताएं होंगी।

फेनेल का भारत दौरा ऐसे वक्त पर हुआ है, जब आयोजन समिति पर भ्रष्टाचार, अनियमितता, तैयारियों के समय रहते पूरा न हो पाने और निर्माण कार्यो के स्तरीय नहीं होने से जुड़े आरोप लगाए जा रहे हैं। फेनेल ने अपने भारत दौरे से पहले इस तरह की तमाम चर्चाओं को लेकर चिंता जाहिर की थी।

फेनेल मंगलवार को भारत पहुंचे। वह बुधवार सुबह नौ बजे सबसे पहले त्यागराज स्टेडियम पहुंचे। वह वहां 15 मिनट तक रुके और फिर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के लिए रवाना हो गए। यहां उद्घाटन और समापन समारोह का आयोजन होना है। इंदिरा गांधी कॉम्प्लेक्स का दौरा करने के पहले फेनेल ने मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम, खेल गांव और यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया।

फेनेल के साथ सीजीएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष रणधीर सिंह तथा महासचिव ललित भनोट भी थे।

हूपर ने आईएएनएस को बताया, "आज फेनेल ने दो शूटिंग रेंज को छोड़ कर बाकी सभी स्टेडियम का दौरा किया। कल वह दोनों शूटिंग रेंज का दौरा करेंगे और आयोजन समिति के कार्यकारी बोर्ड को संबोधित करेंगे और कुछ और बैठकें करेंगे।"

बुधवार को फेनेल दिल्ली विश्वविद्यालय में स्थित रग्बी स्टेडियम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी तैराकी परिसर, तालकटोरा स्टेडियम, सिरी फोर्ट स्टेडियम और आर.के. खन्ना टेनिस स्टेडियमों का भी दौरा करेंगे। गुरुवार को उनके कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और खादरपुर शूटिंग रेंज का दौरा करने का कार्यक्रम है।

फेनेल का दो दिवसीय दौरे के दौरान कई सरकारी अधिकारियों, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी और आयोजन समिति की कार्यकारिणी के अधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम है। साथ ही वह आयोजन समिति की कार्यकारिणी को भी संबोधित करेंगे।

बहरहाल, ज्यादातर स्थलों पर निर्माण कार्य अभी भी जारी हैं। मलबों को हटाने का काम, रास्तों को साफ करने का काम और स्थलों में हरियाली बिछाने का काम जारी है।

फेनेल के दौरे के मद्देनजर सभी आयोजन स्थलों के चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और मीडिया को इस दौरे से दूर रखा गया था।

फेनेल के दौरे से पहले रणधीर सिंह और भनोट ने सभी आयोजन स्थलों के तैयार होने का दावा किया था। खादरपुर शूटिंग रेंज में जारी काम के समय रहते पूरा होने को लेकर दोनों अधिकारी आश्वस्त नजर नहीं आए।

सिंह और भनोट ने चार दिनों तक चले अपने निगरानी दौरे के बाद कहा कि सभी आयोजन स्थलों के समय रहते तैयार होने की गारंटी है। सभी जगह काम संतोषजनक स्तर पर पहुंच चुका है।

आयोजन समिति ने सभी आयोजन स्थलों पर काम पूरा करने के लिए 25 अगस्त तक की समय सीमा तय की है पर खेल गांव 16 सितंबर से विदेशी प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी दिन से विदेशी मेहमान भारत पहुंचना शुरू कर देंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+