बिहार में प्रधान सचिव करेंगे सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी ने बुधवार को बताया कि राज्य में सूखे की स्थिति की जानकारी लेने के लिए सभी विभागों के प्रधान सचिवों को जिलों में भेजा जाएगा। प्रधान सचिव जिलों में जाकर जहां सूखे की जानकारी लेंगे वहीं राहत कायरें का भी जायजा लेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा कृषि वैज्ञानिकों को भी जिला में भेजा जायेगा। राज्य में एक करोड़ से ज्यादा की आबादी सूखा से प्रभावित हो रही है।
ब्यास जी ने कहा कि बाद में सूखाग्रस्त घोषित हुए 10 जिलों में लोगों को राहत देने के लिए केन्द्र सरकार को अलग से मदद का प्रस्ताव भेजा जाएगा जिसे तैयार करने का कार्य जारी है। उल्लेखनीय है कि तीन अगस्त को राज्य के 38 जिलों में से 28 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया था जबकि शेष बचे 10 जिलों को 15 अगस्त को सूखाग्रस्त घोषित किया गया।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर सूखे से निपटने के लिए केन्द्र सरकार से 5,067 करोड़ रुपये की मदद की मांग की थी। इसके बाद राज्य में सूखे का जायजा लेने के लिए एक केन्द्रीय दल भी आया था। केन्द्रीय दल ने भी जायजा लेने के बाद माना कि बारिश नहीं होने के कारण राज्य में सूखे की स्थिति आ गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications