उप्र में जाली नोटों का तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ के गोमती नगर इलाके में एटीएस ने नूर इस्लाम नाम के जाली नोटों के कारोबारी को मंगलवार देर रात 53,000 रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। इस्लाम लखनऊ में अपने किसी ग्राहक को इन नकली नोटों को आपूर्ति करने आया था।
एटीएस मुख्यालय लखनऊ की तरफ से बुधवार शाम जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इस गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी दी गई।
एटीएस अधिकारियों के मुताबिक पकड़ा गया तस्कर राज्य के बहराइच जिले का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि पिछले कई सालों से वह नेपाल से जाली नोट लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में मौजूद अपने ग्राहकों को देता था, लेकिन विगत दिनों भारत-नेपाल सीमा पर हुई सख्ती के बाद बांग्लादेश के जरिये कोलकाता के रास्ते नकली नोट बहराइच लाता था और यहां से विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे प्रदेशों में आपूर्ति करता था।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से उसके गिरोह के बारे में विस्तृत पूछताछ जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications