दिल का हाल डॉक्टर को बताने वाला मोबाइल फोन
समाचार पत्र 'डेली मेल' में प्रकाशित खबर के मुताबिक 'द हैंडी साना' नाम के इस टचस्क्रीन मोबाइल फोन की विशेषता यह है कि इसमें एक खास उपकरण लगा है जो आपके दिल की धड़कन को नापने, उसे रिकार्ड करने और उसका इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ईसीजी) तैयार करने और उसे चिकित्सक के पास भेजने में सक्षम होगा।
यह मोबाइल फोन 'हर्ट सूट' नाम के एक खास तरह के एप्लीकेशन से सुसज्जित है जो दैनिक आधार पर आपके दिल का ख्याल रखते हुए आपके पैसे बचाएगा।
फोन का उपयोग करने वाले दिल के मरीज फोन के एक किनारे पर अपनी दो अंगुलियों को आधे मिनट तक रखकर अपना ईसीजी रिकार्ड करा सकते हैं।
ईसीजी की रिकार्डिग के बाद वे अपनी रिपोर्ट चिकित्सक के पास भेज सकते हैं। इसके साथ वे रक्तचाप, खून में शर्करा की मात्रा और केलोस्ट्रॉल की मात्रा के बारे में चिकित्सक को जानकारी भेज सकते हैं।
फोन को बनाने वाली कंपनी का दावा है कि आमतौर पर अस्पताल जाने पर मरीजों को ईसीजी कराना पड़ता है लेकिन इस फोन के जरिए वे चिकित्सक को एक से अधिक जानकारी भेजकर अपने शरीर की सही स्थिति के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
ब्रिटेन में इस फोन की बिक्री शुरू हो चुकी है और इसकी कीमत 490 पाउंड (लगभग 36 हजार रुपये) रखी गई है। फोन का विपणन करने वाली कंपनी मेडिकल मार्केटिंग यूके लिमिटेड का कहना है कि इसे जल्द ही पूरी दुनिया में उतारा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications