हेडली पर पाकिस्तान के सवालों का जवाब देगा भारत
अपनी पहचान गुप्त रखने के इच्छुक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पाकिस्तान के सवाल मुंबई हमले से जुड़े हेडली के सहयोगी (पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक) हाफिज सईद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में विलंब और ध्यान बंटाने का प्रयास मालूम होते हैं।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा उठाए गए अधिकांश सवालों के जवाब संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने हेडली की पूछताछ रिपोर्ट के माध्यम से पाकिस्तान को उपलब्ध करा दिए हैं। इसके बावजूद भारत एक जवाब उपलब्ध कराएगा।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के सवालों की समीक्षा करने वाले केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने जवाबों के बारे में भी निर्देश दिया।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने भारतीय गृह मंत्रालय को एक पत्र भेजकर हेडली और सईद तथा 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर आतंकवादी हमले की साजिश में उनकी भूमिका के बारे में 51 सवाल पूछे हैं।
सवालों में हेडली के भारत के नौ दौरों के ब्योरों और जिन लोगों से वह मिला उनके बारे में जानकारी मांगी गई है।
पाकिस्तान ने यह भी पूछा है कि भारत सरकार को हेडली के दौरों के बारे में जानकारी थी या नहीं और उस पर निगरानी रखी जा रही थी या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications