राष्ट्रमंडल खेल : फेनेल ने आयोजन स्थलों का मुआयना किया (लीड-1)
फेनेल का भारत दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है जब आयोजन समिति पर भ्रष्टाचार, अनियमितता, तैयारियों के समय रहते पूरा न हो पाने और निर्माण कार्यो के स्तरीय नहीं होने से जुड़े आरोप लगाए जा रहे हैं। फेनेल ने अपने भारत दौरे से पहले इस तरह की तमाम चर्चाओं को लेकर चिंता जाहिर की थी।
फेनेल मंगलवार को भारत पहुंचे। वह बुधवार सुबह नौ बजे त्यागराज स्टेडियम पहुंचे। वह वहां 15 मिनट तक रुके और फिर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के लिए रवाना हो गए। यहां उद्घाटन और समापन समारोह का आयोजन होना है।
फेनेल के साथ सीजीएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष रणधीर सिंह तथा महासचिव ललित भनोट भी थे। सभी अधिकारी मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, यमुना स्पोर्ट्स काम्पलेक्स, इंदिरा गांधी स्टेडियम और खेल गांव भी गए।
बुधवार को फेनेल दिल्ली विश्वविद्यालय में स्थित रग्बी स्टेडियम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी तैराकी परिसर, तालकटोरा स्टेडियम, सिरी फोर्ट स्टेडियम और आर.के. खन्ना टेनिस स्टेडियमों का भी दौरा करेंगे। गुरुवार को उनके कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और खादरपुर शूटिंग रेंज का दौरा करने का कार्यक्रम है।
फेनेल का दो दिवसीय दौरे के दौरान कई सरकारी अधिकारियों, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी और आयोजन समिति की कार्यकारिणी के अधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम है। साथ बी वह आयोजन समिति की कार्यकारिणी को भी संबोधित करेंगे।
फेनेल के दौरे से पहले रणधीर सिंह और भनोट ने सभी आयोजन स्थलों के तैयार होने का दावा किया था। खादरपुर शूटिंग रेंज में जारी काम के समय रहते पूरा होने को लेकर दोनों अधिकारी आश्वस्त नजर नहीं आए।
सिंह और भनोट ने चार दिनों तक चले अपने निगरानी दौरे के बाद कहा कि सभी आयोजन स्थलों के समय रहते तैयार होने की गारंटी है। सभी जगह काम संतोषजनक स्तर पर पहुंच चुका है।
आयोजन समिति ने सभी आयोजन स्थलों पर काम पूरा करने के लिए 25 अगस्त तक की समय सीमा तय की है पर खेल गांव 16 सितंबर से विदेशी प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी दिन से विदेशी मेहमान भारत पहुंचना शुरू कर देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications