हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही गुरुवार तक स्थगित (लीड-2)

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। संसद के दोनों सदनों में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)को छोड़कर अन्य विपक्षी दलों ने सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले, परमाणु दायित्व विधेयक और कर्नाटक में अवैध खनन के मसलों पर जमकर हंगामा किया जिससे दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।

भाजपा को छोड़ अन्य विपक्षी दलों ने सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर क्लीन चिट दिए जाने का मामला लोकसभा और राज्यसभा में उठाया। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले दिन में 12 बजे और फिर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामा न थमने पर लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी। दूसरी ओर राज्यसभा की कार्यवाही भी पहले दो बार स्थगित की गई और हंगामा न थमने पर इसे गुरुवार तक स्थगित कर दिया गया।

लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होते ही समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वाम दलों के सदस्य हंगामा करते हुए लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार के आसन के समीप पहुंच गए। सपा नेता मुलायम सिंह यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने हाथों में अखबारों की प्रतियां लहराते हुए कांग्रेस और भाजपा के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया।

इस बीच जनता दल (सेक्युलर) के सदस्यों ने कर्नाटक में कथित तौर पर अवैध खनन का मसला उठाते हुए राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। हंगामा न थमता देख मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर भी हंगामा जारी रहा। इस वजह लोकसभा के उपाध्यक्ष करिया मुंडा ने कार्यवाही अपराह्न् दो बजे तक स्थगित कर दी। कार्यवाही फिर आरंभ होने पर भी हंगामा नहीं थमा। इसकी वजह से कार्यवाही गुरुवार तक स्थगित कर दी गई।

ससंद भवन के बाहर मुलायम ने संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस और भाजपा में परमाणु विधेयक को लेकर समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत नरेंद्र मोदी (गुजरात के मुख्यमंत्री) को सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले में बचाया गया और दूसरी ओर भाजपा इस विधेयक पर सरकार का साथ देने पर सहमत हो गई।"

उधर, राज्यसभा में सोहराबुद्दीन मामले के अलावा कर्नाटक में अवैध खनन के मसले पर भी हंगामा हुआ। भाजपा को छोड़कर अन्य विपक्षी दलों ने जमकर नारेबाजी की। हंगामा न थमता देख सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11.17 बजे और फिर 12 बजे तक स्थगित की गई। तीसरी बार कार्यवाही आरंभ होने पर उप सभापति के. रहमान खान ने प्रश्नकाल चलने देने की अपील की लेकिन हंगामा नहीं थमा। ऐसे में उन्होने कार्यवाही गुरुवार तक स्थगित कर दी।

गौरतलब है कि परमाणु दायित्व विधेयक के संबंध में संसदीय समिति की रिपोर्ट दोनों सदनों में बुधवार को पेश कर दी गई। इस विधेयक पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सहमति बनने के संकेत मिले हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+