पाकिस्तान बाढ़ : राहत के लिए जरूरी आधी रकम का प्रबंध
पाकिस्तान में मानवीय मामलों के समन्वयक कार्यालय के प्रवक्ता मॉरिजो गिलियानो ने समाचार एजेंसी डीपीए से कहा, "हमने अब तक तात्कालिक जरूरत के लिए आवश्यक राशि में से 42.5 प्रतिशत राशि जुटा ली है।"
उन्होंने कहा, "हमें कुछ प्रस्ताव और मिले हैं जिनसे यह राशि बढ़कर 54.5 प्रतिशत हो जाएगी।"
हाल ही में पाकिस्तान में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इस बाढ़ को पाकिस्तान के इतिहास की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा बताया था।
बाढ़ की वजह से पाकिस्तान के क्षेत्रफल का पांचवां हिस्सा अभी तक पानी में डूबा हुआ है। इससे करीब दो करोड़ लोग विस्थापित हुए हैं।
बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए दुनिया भर में धीमी प्रतिक्रिया होने की आलोचना हो रही है। दानदाताओं को आशंका है कि पाकिस्तान के प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार की वजह से यह राशि पीड़ितों तक नहीं पहुंचेगी। साथ ही उन्हें आशंका है कि यह राशि आतंकवादियों के हाथ भी लग सकती है।
पाकिस्तान में कट्टरपंथी संगठनों का व्यापक प्रभाव है और यह संगठन बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications