एमसीआई कर रही नई प्रशिक्षण सुविधाओं पर विचार
एमसीआई के संचालन मंडल की एक सदस्य सीता नाइक ने मंगलवार को बताया था कि एक 'ऑल इंडिया मेडिकल कॉलेज टेली-मेडीसिन नेटवर्क' का गठन स्वास्थ्य मंत्रालय के विचाराधीन है।
उन्होंने कहा, "हम कक्षाओं में व्याख्यान जैसी सुविधाओं के लिए टेली-मेडीसिन के जरिए दूरस्थ शिक्षा के इस्तेमाल पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारे पास शिक्षकों की कमी है, इसलिए यदि हम वेब आधारित कार्यक्रम बनाते हैं तो इससे समस्या को कुछ हद तक हल किया जा सकता है।"
चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए एमसीआई चिकित्सा शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए और क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने पर विचार कर रही है।
नाइक ने बताया कि जिन क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षकों की कमी है उन्हें ध्यान में रखते हुए कम से कम पांच ऐसे केंद्र शुरू करने का विचार है।
एमसीआई के सामने स्नात्कोत्तर स्तर पर सीटें बढ़ाने और नए पाठ्यक्रम शुरू करने का भी विचार है।
एमसीआई प्रबंधक बोर्ड के अध्यक्ष एस.के. सरीन कहते हैं, "वर्तमान में हमारे पास रॉकेट जैसी आकृति है, जिसमें स्नातक छात्रों की संख्या ज्यादा और स्नात्कोत्तर छात्रों की संख्या कम है। अब हम बेलनाकार आकृति चाहते हैं, जिसमें स्नातक व स्नात्कोत्तर छात्रों की संख्या एक जैसी हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications