कश्मीर में युवक की मौत, मृतकों की संख्या 58 हुई
मंगलवार सुबह मुहम्मद अब्बास धोबी की मौत सूरा मेडिकल इंस्टीट्यूट में हुई। दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में शुक्रवार को पत्थरबाजी की घटना के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने कथित तौर पर युवक की जमकर पिटाई की थी।
पुलिस ने युवक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया।
धोबी की मौत के बाद अनंतनाग में फिर तनाव पैदा हो गया। नाराज युवक सड़कों पर जमा होकर पत्थरबाजी करने लगे। इससे बाध्य होकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
अधिकारियों ने कस्बे में कानून और व्यवस्था कायम करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया है।
अलगाववादियों के लोगों से एक दिन सामान्य जीवन बिताने के लिए कहने के बाद पूरी कश्मीर घाटी से कर्फ्यू हटा लिया गया। सप्ताह में पहली बार श्रीनगर में दुकानें खुलीं और यातायात सामान्य है।
लोग कम से कम एक सप्ताह के लिए आवश्यक सामानों की खरीद में लगे हैं।
एक गृहणी महबूबा बानो ने कहा, "आवश्यक सामानों की खरीद के लिए मैंने सुबह ही घर छोड़ दिया। आप नहीं जानते कि बाजार फिर कब खुलेंगे। यहां के हालात वाकई खराब हैं।"
अधिकारियों ने किसी नए संघर्ष से बचने के लिए मुख्य शहर से सुरक्षा बलों को हटा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications