मप्र में डॉक्टर स्वाइन फ्लू की चपेट में
भोपाल, 17 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में एक बार फिर से स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। यहां आठ मरीजों में स्वाइन लू की पुष्टि हुई है, जिनमें चार चिकित्सक भी शामिल है। वहीं दो अन्य लोगों की मौत की वजह भी स्वाइन फ्लू बताया जा रहा है।
मौसम में आए अचानक बदलाव के साथ प्रदेश में बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। खांसी सर्दी के साथ बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफो हुआ है। गत दिनों इंदौर में सात लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण नजर आने के बाद जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से चार के नमूने पाजिटिव पाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जबलपुर के चिकित्सा महाविद्यालय में सेवाएं दे रहे चार चिकित्सकों के भी नमूने पाजिटिव पाए गए हैं। पीड़ितों में तीन जूनियर डॉक्टर और एक कंसल्टेंट शामिल हैं। इन सभी को जबलपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने महामारी नियंत्रण कक्ष को भोपाल में स्थापित किया है मगर यहां स्वाइन फ्लू पीड़ितों का ब्योरा नहीं मिल पा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।