'दिन में सपने देख रहे हैं लोजपा, राजद'
पटना, 17 अगस्त (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) और कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान के बिहार की सत्ता पाने और लालू प्रसाद के मुख्यमंत्री बनने की बात को दिन में सपने देखना बताया है।
बिहार कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि जब लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में पूरी तरह बरी हो जाएं तभी राज्य के मुख्यमंत्री बनने के विषय में सोचें। उन्होंने कहा कि लालू को इस मामले में अभी उच्चतम न्यायालय ने क्लीन चिट नहीं दी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लोकप्रियता से लोजपा और राजद घबरा गए हैं और इस कारण अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
इधर जद (यु) के महासचिव श्याम रजक ने कहा कि लालू प्रसाद ख्वाब देख रहे हैं और बिहार की जनता उन्हें फिर मुख्यमंत्री बनाने की भूल नहीं करेगी।
उन्होंने पशुपति कुमार पारस के उप मुख्यमंत्री बनने के बयान पर कहा कि जो व्यक्ति विधानसभा में ही कुछ नहीं बोलता वह राज्य की बागडोर क्या संभालेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को देखकर ही पता लगाया जा सकता है कि पारस कितने सक्षम नेता हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में सोमवार को राजद और लोजपा ने सत्ता में आने पर लालू प्रसाद को मुख्यमंत्री और पशुपति कुमार पारस को उप मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications