उप्र में शारदा नदी फिर उफान पर
लखीमपुर खीरी जिले में शारदा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इससे आस-पास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
जिले की पलिया तहसील में मंगलवार को शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 153.62 मीटर से 18 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया।
लखीमपुर खीरी के अपर जिलाधिकारी (वित्त) तुलसीराम ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि जलस्तर में भले ही इजाफा हुआ है लेकिन हालात अभी सामान्य हैं। बाढ़ का पानी आबादी क्षेत्र से फिलहाल दूर है। जिले में कहीं पर बाढ़ जैसे हालात पैदा नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है लेकिन रेवली-आदमपुर तटबंध पर कटान लगातार हो रही है। अब तक करीब दो मीटर तटबंध पानी में समा चुका है।
बहराइच के जिला आपदा अधिकारी वीरेंद्र पांडे ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि आदमपुर-रेवली तटबंध में अटोडर व कौसरगंज के पास कटान हो रहा है। तटबंध को कटने से बचाने के लिए पत्थरों के बोल्डर और बालू से भरी बोरियां लगातार डाली जा रही हैं। अभी तक हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं।
पांडे ने बताया कि घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.07 मीटर से करीब एक मीटर नीचे बह रहा है। गंगा, यमुना व उनकी सहायक नदियों के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है।
राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications