रोजा न रखने पर टीम से निकाला गया फुटबालर
फुटबाल क्लब 'स्टील अजीन' की ओर से खेलने वाले स्टार मिडफिल्डर अली करीमी ने रविवार को रोजा नहीं रखा था। इस बात का पता चलते ही क्लब ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। ईरान में गुरुवार को रमजान की शुरुआत हुई थी और यहां इस महीने में रोजा न रखना कानूनन जुर्म है।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार चैनल जियो टीवी की वेबसाइट की एक रिपोर्ट में क्लब के हवाले से मंगलवार को कहा गया, "अली करीमी को दिशा-निर्देशों का पालन न करने और रमजान के महीने में रोजा न रखने का दोषी पाया गया। ऐसे में क्लब को उनके खिलाफ कार्रवाई करने को विवश होना पड़ा।"
करीमी का नाम ईरान ही नहीं बल्कि एशिया के प्रमुख फुटबालरों में शुमार किया जाता है। इसी वजह से उनको 'एशिया का मैराडोना' भी कहा जाता है। उन्हें वर्ष 2004 में एशिया का सर्वश्रेष्ठ फुटबालर चुना गया था।
वैसे आगामी लंदन ओलंपिक में भी इस मसले को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है क्योंकि वर्ष 2012 में रमजान के महीने के दौरान ही ओलंपिक का आयोजन होना है। माना जा रहा है कि लंदन ओलंपिक में 3,000 मुस्लिम एथलीट हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications