ट्विटर पर विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट ट्विटर पर अपना खाता एक महीने पहले खोला था। विदेश मंत्रालय के अपना खाता खोलने से उपयोगकर्ताओं में एक आश्चर्य और खुशी की लहर है। विदेश मंत्रालय के 'पब्लिक डिप्लोमेसी डिविजन' ने आठ जुलाई को ट्विटर पर एकाउंट इंडियन डिप्लोमेसी शुरू किया था। अब इसने 94 संदेश लिखे हैं। इनमें से कुछ प्रेस विज्ञप्तियों और भाषणों के लिंक और अन्य ट्विटर उपयोगकर्ताओं से हुई चर्चाएं हैं।
एक बीमा कार्यकारी कौशिक दत्ता ने इंडियन डिप्लोमेसी पर कहा, "भारत सरकार के किसी विभाग ने शायद ट्विटर पर पहली बार एकाउंट खोला है। हम लोग सम्मान महसूस कर रहे हैं।" इसी तरह कानपुर के सौमित्र सिंह ने इसका स्वागत करते हुए कहा, "मैंने इसके बारे में खबरों में सुना। मैं बहुत खुश हूं कि सरकार हमारे लिए कुछ कर रही है।" बहरहाल इसके उपयोग के बारे में अभी थोड़ा भ्रम है। मंगलौर के फैसल ने पूछा, "इसका मतलब है कि मैं अपनी शिकायतें आपको भेजूं और वे वास्तव में दूर की जाएंगी।"
मंत्रालय का ट्विटर एकाउंट देख रहे अधिकारी ने जवाब में लिखा, "हम शिकायतें दूर करने में सक्षम नहीं हैं। परंतु हम निश्चित तौर पर आपकी शिकायतें संबंधित अधिकारी के पास पहुंचाएंगे।" एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने पूछा कि 14,000 पेज का दस्तावेज लिखने वाले सरकारी अधिकारी 140 शब्दों में अपनी बात कैसे कहेंगे। इस पर मंत्रालय ने उत्तर दिया, "हमें पहले ही धारणा नहीं बनानी चाहिए।" अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों की सरकारें युवा लोगों तक पहुंचने के लिए ट्विटर और फ्लिकर का उपयोग कर रही हैं। मीडिया रिपोर्टों और मौखिक जानकारी के माध्यम से 14 अगस्त तक 1972 लोग विदेश मंत्रालय की वेबसाइट से जुड़ चुके थे।












Click it and Unblock the Notifications