पाकिस्तान में बाढ़ से भारी तबाही की आशंका

मौसम विभाग के प्रमुख कमरुज्जमां चौधरी ने कहा कि सिंधु नदी में बाढ़ की दूसरी लहर सिंध प्रांत में पहुंच गई है और अधिक इलाकों के डूबने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर करीब 10 लाख क्यूसेक (28,320 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड) से 11 लाख क्यूसेक (31,152 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड) के करीब है।
सिंध नदी के उफान से प्रांत के हजारों गांवों में बाढ़ आ गई है और अब जैकोबाबाद को बाढ़ से खतरा है। एक संघीय मंत्री इजाज जखरानी ने कहा, "हम जैकोबाबाद से पानी को मोड़ने के लिए कड़ा प्रयास कर रहे हैं।" शहर के करीब 300,000 लोगों में से एक तिहाई पहले ही बाहर जा चुके हैं और एक वायुसैनिक शिविर पर बाढ़ का खतरा है। पूरा शहर पानी से घिरा है और कई दूरसंचार उपकरण नष्ट हो गए हैं।
मानसून की बाढ़ के कारण पाकिस्तान के 20 प्रतिशत हिस्से में आई बाढ़ से करीब दो करोड़ लोग बेघर हुए हैं। बाढ़ के पानी के दक्षिण में बढ़ने के कारण रोजाना दर्जनों गांव डूब रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने 60 लाख बाढ़ पीड़ितों के लिए 46 करोड़ डॉलर की आपात राहत राशि की अपील की है।
बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा करने के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने संवाददाताओं से कहा, "मेरे लिए यह एक दुखद दिन है। पहले भी मैं पूरी दुनिया में प्राकृतिक आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुका हूं लेकिन ऐसा हाल कहीं नहीं था।" मून ने विश्व समुदाय से पाकिस्तान की मदद करने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications