किसान आंदोलन पर हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सदस्यों ने इस मसले पर हंगामा शुरू कर दिया। ये सदस्य लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार के आसन के नजदीक पहुंच गए। विपक्षी सदस्य किसानों का मुआवजा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हंगामा न थमता देख मीरा कुमार ने कार्यवाही स्थगित कर दी।
इससे पहले रविवार देर रात उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प को गंभीरता से लेते हुए अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को हटाकर पूरी घटना की न्यायिक जांच कराने के आदेश दिए।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया। गौरतलब है कि अलीगढ़ में शनिवार देर रात किसानों और पुलिस के बीच संघर्ष में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई थी और करीब 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
किसान नोएडा और आगरा के बीच बनने वाले यमुना एक्सप्रेस वे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के लिए ज्यादा मुआवजे की मांग कर रहे हैं। कुल 165 किलोमीटर लंबे आठ लेन वाले इस मार्ग के निर्माण का ठेका जे. पी. इंडस्ट्रीज को दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications