9 वीं मंजिल से गिरकर भी बची महिला की जान
ब्यूनस आयर्स, 16 अगस्त (आईएएनएस)। अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में एक इमारत की नौवीं मंजिल से गिरने के बाद भी एक महिला की जान बच गई। इस हादसे में महिला को मामूली चोटें आई हैं।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक चिकित्सकों ने बताया कि महिला दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली है और इस हादसे में उसे मामूली चोट ही आई है। वह खतरे से बाहर है।
स्थानीय मीडिया में रविवार को छपी खबरों के मुताबिक यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब महिला यहां छुट्टी मनाने आई थी। महिला इमारत की छत से नौवीं मंजिल के छज्जे पर उतरने का प्रयास कर रही थी क्योंकि उसका दरवाजा अंदर से ही बंद हो गया था।
महिला के 24 वर्षीय अमेरिकी मित्र ने बताया, "उसका अंदाजा गड़बड़ा गया और वह लगभग 25 मीटर ऊंची इमारत के नीचे गिर गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications