कनाडा दौरे पर 4 भारतीय मंत्री आएंगे
टोरंटो, 16 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूती प्रदान करने के लिए चार भारतीय मंत्री अगले महीने कनाडा का दौरा करेंगे। इस दौरान कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इसके अलावा जून में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यात्रा के वक्त परमाणु, खनन और अन्य करारों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान भारत की राजदूत प्रीति सरन ने कहा कि बिजली मंत्री सुशील कुमार शिंदे, वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा, नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सुबोधकांत सहाय अगले महीने कनाडा का दौरान करेंगे। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार के क्षेत्र में मजबूती आएगी।
सरन ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को अगले पांच साल के भीतर पांच अरब डॉलर तक पहुंचने के प्रयास का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि दोनों देश उच्च शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवनिर्माण और अक्षय ऊर्जा के बड़े क्षेत्रों के रूप में जाने जाते हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कनाडा के वित्त मंत्री जिम फलेहर्टी, भारतीय-कनाडाई मंत्री हरिंदर ठक्कर, सांसद और सिनेटर मौजूद थे।
सरन ने कहा कि दुनिया भारत के गुजरे इतिहास को देख चुकी है। आर्थिक मंदी के दौरान भी भारतीय अर्थव्यवस्था 8.5 से नौ फीसदी के विकास दर से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि जून में होने वाले समूह-20 की बैठक के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री कनाडा के दौरे पर आएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications