ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे में नक्सली समर्थक गिरफ्तार
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया, "जिले के झारग्राम उप-खंड के मुराबोनी गांव से आरोपी लक्ष्मीकांत रॉय को गिरफ्तार किया गया है।"
उन्होंने कहा कि वह नक्सली-समर्थक जनजातीय समूह पुलिस संत्रास विरोधी जन साधारण कमेटी (पीसीएपीए) का सक्रिय सदस्य है।
ज्ञानेश्वरी मामले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने लक्ष्मीकांत रॉय सहित 11 आरोपियों के खिलाफ तलाशी नोटिस जारी किया था और उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
पश्चिमी मिदनापुर जिले में झारग्राम के नजदीक मुंबई को जाने वाली ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस नक्सलियों की तोड़-फोड़ के बाद पटरी से उतर गई थी तभी दूसरी पटरी पर आ रही एक मालगाड़ी ने दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को रौंद दिया।
त्रिपाठी ने बताया, "दुर्घटना के बाद से फरार लक्ष्मीकांत को ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के आधारा पर सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया।"
एक सीबीआई अधिकारी ने बताया कि लक्ष्मीकांत की गिरफ्तारी के बाद अब तक इस मामले में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
सीबीआई अधिकारी का कहना है कि सभी 13 आरोपी पीसीएपीए के सक्रिय सदस्य हैं जिससे स्पष्ट है कि नक्सलियों के निर्देशों पर पीसीएपीए सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया।
राज्य के तीन पश्चिमी जिलों पश्चिमी मिदनापुर, पुरुलिया और बांकुरा में नक्सली सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications