पश्चिम बंगाल के 11 जिले सूखाग्रस्त
मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य की अध्यक्षता में यहां राज्य सचिवालय, राइटर्स बिल्डिंग में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस निर्णय की घोषणा करते हुए वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता ने कहा कि इन जिलों में इस वर्ष 30 प्रतिशत से कम बारिश हुई है।
इन जिलों में पुरुलिया, बांकुरा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, बर्दवान, हुगली, पश्चिम मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, नाडिया और मालदा शामिल हैं।
दासगुप्ता ने कहा, "हम इन जिलों को कुल 50 करोड़ रुपये दे रहे हैं।" यह धनराशि ट्यूबवेल्स की मरम्मत और उनकी खुदाई तथा पंपसेटों के बंदोबस्त में खर्च की जाएगी।
दासगुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को इस बारे में लिखेंगे कि वे 11 जिलों के हालात के आंकलन के लिए एक केंद्रीय दल भेंजे।
राज्य के कृषि मंत्री नरेन डे ने कहा कि पिछले वर्ष राज्य में धान का उत्पादन 100 लाख टन था, लेकिन सूखे के कारण इस वर्ष धान का उत्पादन 27 लाख टन पर आ गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री भट्टाचार्य, वित्त मंत्री दासगुप्ता और कृषि मंत्री डे के अलावा खाद्य मंत्री परेश अधिकारी और सिंचाई मंत्री सुभाष नासकर ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications