लालू होंगे राजद की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार!
राजद के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को यहां बताया कि पार्टी के भीतर लालू प्रसाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के लिए दबाव बढ़ रहा है।
राजद नेता ने नाम न बताए जाने की शर्त पर कहा, "इस बार राबड़ी देवी के इस दौड़ से बाहर होने का संदेश आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लालू को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने के लिए मन बना लिया है।"
राजद ने बिहार पर लगातार तीन बार, 1990 से 2005 तक शासन किया है। वर्ष 1997 तक लालू प्रसाद मुख्यमंत्री रहे, इसके बाद 2005 तक उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री पद संभाला। लालू प्रसाद को करोड़ों रुपये के चारा घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पद से हटना पड़ा था।
लालू के इस्तीफे के बाद राबड़ी देवी पर मुख्यमंत्री कार्यालय संभालने के लिए दबाव बना। वह राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं।
राजद नेताओं के मुताबिक राबड़ी देवी राजनीति से उकता गई हैं और अब इस क्षेत्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी उठाने को उत्साहित नहीं हैं।
एक अन्य राजद नेता का कहना है, "पार्टी के नेता शिद्दत से महसूस करते हैं कि लालू को खुद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करके राजनीतिक रणभूमि में नया मोड़ लाना चाहिए।"
इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचते हुए राजद की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को टक्कर देने के लिए लालू प्रसाद पार्टी से सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार हो सकते हैं। लालू वर्तमान में सारण से लोक सभा सांसद हैं।
राजद सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के नेतृत्व वाले सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति बना ली है। राज्य में इस साल अक्टूबर-नवंबर में चुनाव होना हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications