रहमान को 'थीम सांग' में फेरबदल करने को कहा गया
रहमान ने यहां पत्रकारों को बताया, "मैंने मंत्रियों के समूह के सामने 'थीम सांग' प्रस्तुत किया और इसे स्वीकृति मिल गई है। मुझसे इसमें जरूरी फेरबदल के लिए कहा गया है और इसे अगले 10 दिनों में जारी कर दिया जाएगा।"
'ओह यारों, इंडिया बुला लिया' शब्दों से शुरू होने वाले इस गीत को ज्यादातर हिंदी में लिखा गया है लेकिन इसमें कुछ शब्द अंग्रेजी के भी इस्तेमाल किए गए हैं।
रहमान इस गीत के प्रमुख गायक होंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अन्य गीत भी तैयार किए गए हैं। इनमें से एक गीत महात्मा गांधी को समर्पित है तो दूसरा 'ज्ञान की कुंजी' पेश करता है।
रहमान ने कहा, "यह गीत भारत के बारे में है, ऊर्जा के बारे में है, जीतने और उम्मीद न खोने की बात कहता है। हम चाहते हैं कि उद्घाटन समारोह के दौरान हमारे साथ भीड़ भी यह गीत गाए। यह साधारण है लेकिन एकपक्षीय नहीं।"
विश्वकप फुटबॉल में शकीरा के लोकप्रिय गीत 'वाका वाका' से इस गीत के अलग होने के विषय में पूछने पर उन्होंने कहा, "यह 'वाका वाका' नहीं है। हम इससे आगे जाना चाहते हैं। यह जटिल है, इसे विस्तारपूर्वक बताना मुश्किल है लेकिन मैं सुनिश्चित हूं कि जब आप इसे सुनेंगे तो आपको यह पसंद आएगा।"
रहमान ने कहा कि शुरुआत में उन्हें आशंका थी कि मंत्रियों के समूह को यह गीत पसंद आएगा या नहीं।
उन्होंने कहा, "मैं थोड़ा आशंकित था कि वे इसे पसंद करेंगे या नहीं क्योंकि मंत्रियों के समूह में ज्यादातर उम्रदराज लोग हैं लेकिन उन सभी को यह गीत पसंद आया और उन्होंने इसे स्वीकृति दे दी।"
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी और राष्ट्रमंडल खेलों की कोर समिति के सदस्य फिल्मकार श्याम बेनेगल भी मौजूद थे।
तीन से 14 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की कड़ी आलोचना के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इसमें दखल देने पर शहरी विकास मंत्री एस.जयपाल रेड्डी की अध्यक्षता में रविवार को पहली बार मंत्रियों के समूह की बैठक हुई थी।
तीन घंटे तक चली बैठक में रहमान के संगीत में बने 'थीम सांग' को मंजूरी देने के अलावा शुभारंभ समारोह से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications