अलीगढ़ में तनाव कायम, किसानों की महापंचायत (लीड-1)
महापंचायत के लिए बड़ी संख्या में किसान अलीगढ़ के टप्पल गांव में एकत्र हुए हैं। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह पंचायत में हिस्सा लेने के लिए मौके पर पहुंच चुके हैं। बड़ी संख्या में किसानों ने सोमवार को मुख्यमंत्री मायावती के पुतलों को लाठी -डंडों से पीटकर राज्य सरकार के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया।
मारे गए किसानों के परिजनों के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए मुआवजे के ऐलान और प्रशासिनक फेरबदल के बावजूद किसान झुकने को तैयार नहीं हैं। किसानों की मांग है कि जब तक उनके नेता रामबाबू कथीरिया को रिहा करके ज्यादा मुआवजे की मांग नहीं मानी जाती तब तक उनका प्रदशर्न जारी रहेगा।
उधर, तनाव के मद्देनजर प्रभावित इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को किसानों के प्रति सख्त रवैया न अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र वीर सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि हालात पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले करीब 12 घंटे से आगजनी की घटनाएं नहीं हुई हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी किसानों से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं।
उधर, किसानों पर की गई फायरिंग के विरोध में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदशर्न कर रहे हैं।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि किसानों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सपा के कार्यकर्ता हर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि शिवपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में सपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल हालात का जायजा लेने के लिए अलीगढ़ पहुंच रहा है।
इससे पहले रविवार देर रात राज्य सरकार ने अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को हटा दिया तथा पूरी घटना की न्यायिक जांच कराने के आदेश दे दिए। राजीव अग्रवाल को नया मंडलायुक्त बनया गया है जबकि के.रविंद्र नायक को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
राज्य सरकार ने रविवार देर शाम अलीगढ़ के एसएसपी विजय प्रकाश को भी हटा दिया। उनके स्थान पर सत्येंद्र वीर सिंह को अलीगढ़ का नया एसएसपी बनाया गया है। मथुरा के एसएसपी बी.डी.पॉल्सन को हटाकर लव कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
अलीगढ़ में शनिवार देर रात किसानों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई थी और करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications