अफगानिस्तान में तालिबान का डिप्टी कमांडर धरा गया
काबुल, 14 अगस्त (आईएएनएस)। नाटो के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) ने शनिवार को कहा कि तालिबान के एक डिप्टी कमांडर को दक्षिणी अफगानिस्तान में पकड़ लिया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने खबर दी है कि इस तालिबान आतंकी को हेलमंड प्रांत की राजधानी, लश्कर गाह में पकड़ा गया।
आईएसएएफ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "तालिबान के इस डिप्टी कमांडर को कई अन्य संदिग्ध आतंकियों के साथ संयुक्त बलों ने पकड़ा।" आतंकी के नाम और उसे पकड़े जाने की तारीख का खुलासा बयान में नहीं किया गया है।
बयान में कहा गया है, "दक्षिणी अफगानिस्तान में सक्रिय एक और प्रमुख तालिबान आतंकी को पकड़े जाने की घोषणा करने में हमें खुशी हो रही है।" बयान में कहा गया है कि उस आतंकी के मातहत 100 से अधिक तालिबान लड़ाके थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications