दिल्ली के आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों का नजारा
नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली वासियों ने आसमान में जम कर पतंगबाजी की। दिल्ली का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से पट गया।
पतंगबाजी का जुनून पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक, दरियागंज और दरीबा कलां में अपने चरम पर था। इन इलाकों में लोग सुबह सात बजे ही अपनी-अपनी छतों पर चढ़ कर पतंगबाजी में मशगूल हो गए थे।
चांदनी चौक निवासी, सईद अनवर (30) ने कहा, "हर स्वतंत्रता दिवस पर मैं अपने छोटे भाई के साथ पतंग उड़ाता हूं। मेरे परिवार के लिए यह परंपरा बन गई है और हम स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर पतंगबाजी को नहीं भूलते।"
शहर में कई स्थानों पर पतंगबाजी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें पतंगबाजी के पेशेवर क्लबों ने हिस्सा लिया।
दरियागंज के एक छात्र अमित जैन (23) ने कहा, "हम अलग-अलग दल बनाए और प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई। विश्वास कीजिए यह प्रतिस्पर्धा चार घंटे तक चली। आज मौसम अच्छा रहा और पिछले साल की तरह बारिश नहीं हुई।"
बहुतों के लिए पतंगबाजी का अर्थ पुराने मित्रों से मुलाकात करना भी होता है।
चांदनी चौक निवासी, शाहजाद खान (40) ने कहा, "पिछले 30 सालों से मैं हर स्वतंत्रता दिवस पर अपने मित्रों के साथ पतंगबाजी कर रहा हूं। हममें से हर मित्र इस बात की पूरी कोशिश करता है कि यह मौका चूकने न पाए। हम एक दर्जन से अधिक पतंग खरीदते हैं, सभी तिरंगे के रूप में होती हैं और आनंद लेते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications