मदनी के मामले में केरल सरकार शामिल नहीं : अच्युतानंदन
तिरुवनंतपुरम, 15 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री वी.एस.अच्युतानंदन ने रविवार को मुस्लिम नेताओं के एक समूह से कहा कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के प्रमुख अब्दुल नाजिर मदनी की संभावित गिरफ्तारी से उनकी सरकार का कुछ भी लेना-देना नहीं है। मदनी 2008 में बेंगलुरू में हुए बम विस्फोटों का आरोपी है।
अच्युतानंदन ने कहा कि इस गिरफ्तारी में केरल की कोई भूमिका नहीं है और इस मामले को कर्नाटक पुलिस देख रही है। बेंगलुरू में हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 15 अन्य घायल हो गए थे।
इस समूह में मुस्लिम नेताओं के अलावा पूर्व मंत्री और वर्तमान में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नीलोहितदासन नादार भी शामिल थे।
नेताओं ने अच्युतानंदन से इस मामले में हस्तक्षेप करने की इच्छा जाहिर की और आरोप लगाया कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है। नेताओं ने कहा कि चूंकि रमजान का महीना शुरू हो गया है और मदनी एक धार्मिक मुसलमान हैं, लिहाजा उनके साथ उचित तरीके से पेश आना चाहिए।
बाद में पीडीपी के उपाध्यक्ष पूनथुरा सिराज ने अच्युतानंदन से मुलाकात की और मुख्यमंत्री ने उन्हें भी वही संदेश दिया।
इस बीच कोल्लम जिले के अनवारसेरी में स्थित पीडीपी मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी डेरा डाले हुए हैं। जिला कलेक्टर ने वहां मुख्यालय के पास के दो गांवों में भारतीय दंड संहिता की धारा 144 लागू कर दिया है।
मुख्यालय के अंदर महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 300 लोग हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications