अफगानिस्तान में बड़े तेल भंडार की खोज
काबुल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरी अफगानिस्तान में भूवैज्ञानिकों ने पेट्रोलियम के करीब 1.8 अरब बैरल भंडार की खोज की है।
इससे पहले अफगानिस्तान की सरकार ने इस साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि उसने 30 खरब डॉलर मूल्य के खनिज भंडारों की खोज की है।
खनन मंत्रालय के प्रवक्ता जवाद उमर ने कहा कि अफगानी और अंतर्राष्ट्रीय भूवैज्ञानिकों द्वारा किए गए एक सर्वे के दौरान बल्क और शिबरघन इलाके में तेल भंडार की खोज की गई है।
उन्होंने कहा, "मुझे इसकी कीमत के बारे में पता नहीं लेकिन अफगानिस्तान भूविज्ञान केंद्र के शुरुआती अध्ययन के मुताबिक यहां 1.8 अरब बैरल तेल है।"
उमर ने कहा, "अगले कुछ महीनों में तकनीकी जांच पूरी होने के बाद हम इन तेल क्षेत्रों के लिए टेंडर जारी करेंगे।"
अफगानिस्तान अपने सुरक्षा और अन्य खर्चो के लिए अमेरिका और पश्चिमी देशों पर निर्भर हैं। वर्ष 2001 से तालिबान के खिलाफ युद्ध के चलते देश में नाटो और अमेरिका के 1,20,000 सैनिक मौजूद हैं।
अफगानिस्तान में इन खनिजों की खोज से शांति के बजाय अस्थिरता बढ़ने की आशंका हैं। इन खोजों के बाद तालिबान खनिज भंडारों पर कब्जे के लिए संघर्ष बढ़ा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications