पाकिस्तान : बाढ़ का पानी सिंध और बलूचिस्तान में घुसा
समाचार चैनल 'जियो न्यूज' के अनुसार पाकिस्तान में आई भयंकर बाढ़ में 1,600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 1.4 करोड़ लोग इससे प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि बाढ़ में देश को 250 अरब रुपये का नुकसान हुआ है।
सिंध प्रांत के जैकोबाबाद जिले में बाढ़ आ गई है और राष्ट्रीय राजमार्ग और बड़ी सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह से प्रांत का देश के बाकी हिस्से से संपर्क टूट गया है।
बाढ़ का पानी कई गांवों में घुस गया है और परिवहन व्यवस्था के अभाव में प्रभावित लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस इलाके में मौजूद बैराज और बांधों के ऊपर से पानी बह रहा है। बाढ़ के तेज बहाव के कारण प्रांत को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले रेल मार्गो के कुछ हिस्से बह गए हैं।
बलूचिस्तान प्रांत में जफ्फराबाद जिला प्रशासन ने लोगों से सिंध नदी का पानी तटबंधों में भर जाने की वजह से ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने को कहा है। पुलिस लाउडस्पीकर के द्वारा लोगों को इसके बारे में सूचना दे रही है और उन्हें सुरक्षित जगहों पर जाने को कह रही है।
मिट्टी के बने हुए घर गिर गए हैं और लोग प्रशासनिक इमारतों के छतों पर शरण लिए हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार सिंध में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है सिंचाई विभाग के अधिकारी देर शुक्रवार से बाढ़ वाले पानी को दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश में लगे हैं। अधिकारी जैकोबाबाद जिले और प्रांत के अन्य हिस्सों को सुरक्षित बचाने के लिए पानी को जफ्फराबाद की तरफ मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारी पुलिस बल और अन्य मशीनरियों की भी मदद ले रहे हैं, लेकिन जफ्फराबाद के उपायुक्त ने इसका विरोध किया है और इसे रोकने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।