प्रदेश के विकास में जनता बने भागीदार : शिवराज (लीड-1)

भोपाल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। आजादी की 63 वीं सालगिरह पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास में जनता की भागीदारी को अहम बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य लोगों के जीवन को खुशहाल और राज्य को मजबूत बनाना है।

राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार मध्य प्रदेश को स्वर्णिम राज्य बनाने के लिए संकल्पित है और इसके लिए प्रयास कर रही है।

चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा एकमात्र राज्य है जहां नागरिकों को लोक सेवाएं प्रदान करने की गारंटी दी गई है। इस अधिनियम में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, खसरा नकल, राशनकार्ड आदि को निर्धारित समय सीमा में न बनाने पर अधिकारियों को दंड का प्रावधान किया गया है।

चौहान ने प्रदेश को स्वर्णिम राज्य बनाने के लिए तय की गई सात प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि खेती को फायदे का धंधा बनाने, अधोसंरचना विकास, निवेश वृद्घि, शिक्षा व स्वास्थ्य, महिलाओं व कमजोर वर्ग का सशक्तिकरण, कानून व्यवस्था तथा सुशासन उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मई 2010 में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर 70 संकल्प लिए गए जिन्हें पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खेती आर्थिक समृद्घि की रीढ़ होती है इसीलिए सरकार ने किसानों को तीन प्रतिशत की दर से कर्ज देने का निर्णय लिया है। वहीं गेहूं व चावल के समर्थन मूल्य पर बोनस दिया गया है। इतना ही नहीं किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी सीधे उनके खाते में जमा की जाएगी और साथ ही उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड दिए जा रहे हैं। सिंचाई क्षेत्र व वन संपदा बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को बिजली के मामले में आत्म निर्भर बनाने के प्रयास जोरों पर हैं। पिछले छह साल में बिजली उत्पादन 3,162 मेगावॉट बढ़ा है, वहीं 2013 तक 5,000 मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य है।

चौहान के मुताबिक प्रदेश में औद्योगिक विकास की स्थिति मजबूत है और प्रदेश में निवेश बढ़ा है। प्रदेश में 46 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं निर्माणाधीन हैं। प्रदेशवासियों को ज्यादा रोजगार दिलाने के लिए इन उद्योगों में 50 प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को दिया जाना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकसित प्रदेश बन रहा है इस बात का संकेत प्रदेश की विकास दर है जो देश की औसत विकास दर से कहीं ज्यादा है।

चौहान ने प्रदेश को समृद्घशाली राज्य बनाने के लिए चल रही कोशिशों का जिक्र करते हुए कहा कि सभी को पेयजल मिले इसके प्रयास हो रहे हैं वहीं सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में आजादी की सालगिरह धूमधाम से मनाई जा रही है। जगह-जगह रंगारंग कार्यक्रमों का दौर जारी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+