स्वतंत्रता दिवस से पहले उड़ीसा में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
भुवनेश्वर, 14 अगस्त (आईएएनएस)। नक्सलियों द्वारा किए गए रविवार के स्वतंत्रता दिवस समारोहों के बहिष्कार के आह्वान के बाद उड़ीसा के नक्सली बहुल इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि नक्सलियों द्वारा लोगों से स्वतंत्रता दिवस को काले दिवस के रूप में मनाने के लिए कहे जाने के बाद मल्कानगिरी, गजपति, रायगाढ़ा, कंधमाल और गंजम जिलों के असुरक्षित क्षेत्रों में राज्य व केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा, "पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। असुरक्षित क्षेत्रों में सभी प्रवेश स्थलों पर वाहनों को रोककर उनकी जांच की जा रही है।"
उन्होंने बताया, "प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजे गये हैं ताकि उन क्षेत्रों में बिना किसी परेशानी के समारोह संपन्न हो सकें।"
स्वतंत्रता दिवस से पहले नक्सलियों ने शुक्रवार को मल्कानगिरी क्षेत्र में एक पंचायत भवन उड़ा दिया। नक्सलियों ने मलावरम गांव में बारूदी सुरंगों का इस्तेमाल कर भवन को नेस्तनाबूद कर दिया, विस्फोट के समय भवन के अंदर कोई नहीं था।
नक्सली राज्य के आधे से ज्यादा क्षेत्र में सक्रिय हैं, वे अक्सर आंतरिक क्षेत्रों के स्कूलों, पुलिस व पंचायत भवनों को निशाना बनाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications