हिमाचल में नियुक्त होंगे 5000 जल रक्षक
शिमला, 13 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के विभिन्न भागों में पेयजल आपूर्ति योजनाओं के प्रबंधन के लिए स्थानीय स्तर पर अंशकालिक आधार पर 'जल रक्षक' नियुक्त करने पर विचार करेगी।
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए धूमल ने कहा कि इस योजना से लगभग 5000 ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा लोगों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।
पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए धूमल ने कहा कि प्रदेश में और अधिक चेक डैमों के निर्माण की आवश्यकता है, ताकि वर्षा जल संग्रहित कर इसे उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि जल स्रोत वाले सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा और इसे वर्षा जल संग्रहण के उपयोग में लाया जाएगा।
धूमल ने कहा कि राज्य के सभी 56 शहरों में पेयजल आपूर्ति योजनाएं चल रही हैं तथा इनके संवर्धन का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 43 योजनाओं का संवर्धन पहले ही किया जा चुका है तथा चार योजनाओं का कार्य प्रगति पर है, जिन्हें इस वर्ष के दौरान पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी शहरों को चरणबद्ध तरीके से मलनिकासी योजना से जोड़ा जा रहा है तथा अभी तक 17 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 22 अन्यों का कार्य प्रगति पर है। सुजानपुर तथा सरकाघाट योजनाएं इस वर्ष के दौरान पूरी हो जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications