देश के प्रथम 'ज्यूलरी वीक' का आयोजन रविवार से
शिल्पा रैना
मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में रविवार से 'इंडिया इंटरनेशनल ज्यूलरी वीक' (आईआईजेडब्ल्यू) की शुरुआत होने जा रही है। आयोजकों का कहना है कि इससे ज्यूलरी डिजाइनर्स लोगों की नजर में आ सकेंगे और उन्हें कारोबार बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
'जेम एंड ज्यूलरी एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया' (जीजेईपीसी) ने इस पांच दिवसीय समारोह का आयोजन किया है। जीजेईपीसी के संजय कोठारी कहते हैं, "यह भारत ही नहीं दुनियाभर का ऐसा पहला ज्यूलरी समारोह है जिसे इतने बड़े पैमाने पर किसी खास व्यक्ति द्वारा नहीं बल्कि उचित संस्था द्वारा आयोजित किया गया है।"
काउंसिल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है।
कोठारी ने कहा, "हम दुनिया को यह बताना चाहते हैं कि हमारे पास कितने अच्छे डिजाइनर हैं और हम दुनिया को क्या दे सकते हैं। जब ज्यूलरी की बात होती है तो पूरी दुनिया कार्टियर और बवलगरी को जानती है, मुझे पक्का विश्वास है कि हमारे पास जो अनुभव और कौशल है उसके आधार पर हम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ज्यूलरी डिजाइनर हैं।"
उन्होंने बताया कि लोग ज्यूलरी को उसकी खूबसूरती से जानते हैं और डिजाइनर अज्ञात रह जाता है। उन्होंने कहा कि ज्यूलरी डिजाइनर्स को पहचान दिलाने के मकसद से इस समारोह का आयोजन किया गया है।
ज्यूलरी सप्ताह में 30 डिजाइनर्स अपने संग्रह पेश करेंगे। इन डिजाइनर्स में फरहा खान अली, वरुण डी. जैनी, बीना गोयनका और रिया नस्ता शामिल हैं। सुप्रसिद्ध ज्यूलरी ब्रांड्स मिरारी, गीतांजलि, आम्रपाली, तनिष्क और गंजम भी इसमें हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन के जरिए डिजाइनर्स को नए उपभोक्ता और अंतर्राष्ट्रीय खरीददार मिलने की उम्मीद है।
कोठारी का कहना है, "आज हमारे ज्यूलरी डिजाइनर्स के पास केवल स्थानीय और अनिवासी भारतीय ग्राहक ही हैं लेकिन इस समारोह के बाद धारणाएं बदलेंगी और हमें अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता भी मिलेंगे।"
जापान, रूस, ब्रिटेन, चीन, इटली, मलेशिया, लीबिया, मोरक्को, ईरान, चेक गणराज्य, पोलैंड, उक्रेन, अजरबेजान और उजबेकिस्तान से खरीददारों के आने की संभावना है।
सांता क्रूज स्थित होटल ग्रैंड हयात में इस ज्यूलरी सप्ताह का आयोजन होगा। जिसमें भारत के साथ थाईलैंड, बेल्जियम, इजरायल, इटली, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात के डिजाइनर्स भी शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications