बाढ़ पीड़ितों के बीच रहे जरदारी व गिलानी
इस्लामाबाद, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस के दिन बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की।
जरदारी ने खबर पख्तूनख्वा प्रांत में डेरा इस्माइल खान और नौशेरा का दौरा किया तथा उसके बाद वह अपराह्न् में दक्षिणी पंजाब के मुजफ्फरगढ़ पहुंचे।
जरदारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ द्वारा आई तबाही सरकार के लिए और पूरे देश के लिए एक परीक्षा की घड़ी है। उन्होंने कहा कि देश के पास पर्याप्त खाद्यान्न भंडार है और इस चुनौती से निपटने के लिए सबकुछ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री गिलानी ने नौशेरा का दौरा किया और खबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री अमीर हैदर होती को बाढ़ प्रभावितों के लिए पांच करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।
गिलानी ने अपने कैबिनेट सहयोगियों व विस्थापितों के साथ रोजा खोला और बच्चों को उपहार भेट किया।
इसके पहले सरकार व विपक्ष की एकता प्रदर्शित करते हुए गिलानी और पीएमएल(एन) के नवाज शरीफ ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और विस्थापितों के पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया।
दोनों नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा प्राप्त होने वाली सहायता का स्वागत किया, लेकिन कहा कि इसके लिए किसी के सामने भीख का कटोरा नहीं फैलाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications