कश्मीर में 2 की मौत, मृतकों की संख्या 57 हुई (लीड-1)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर में दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाजीबल गांव में हिंसक भीड़ ने अर्धसैनिक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम पर पत्थरों एवं ईंटों से हमला किया।
अधिकारी ने बताया, "अनंतनाग शहर के बाहरी इलाके स्थित लाजीबल गांव के के.पी. रोड पर उग्र भीड़ ने सीआरपीएफ की टीम पर हमला किया। जब हालात को काबू में करने के सभी उपाय विफल हो गए तब सीआरपीएफ के जवानों ने शस्त्रों का इस्तेमाल किया, जिसमें 30 वर्षीय इशरत अहमद लाट्टो की मौत हो गई।"
उन्होंने बताया, "इस घटना में अन्य तीन प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जिन्हें श्रीनगर के एक अस्पताल में ले जाया गया है।"
घायलों को पहले अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां के एक चिकित्सक ने बताया कि घायलों में से एक को गोली लगने से गहरा जख्म हो गया था।
श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके वानाबल में एक अन्य भीड़ ने सीमा सड़क संगठन के एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार श्रीनगर के ऊपरी शहर हैदरपोरा, दक्षिण कश्मीर के दमहाल हांजीपोरा गांव एवं कुछ अन्य स्थानों पर उग्र भीड़ ने प्रतिबंधों का उल्लंघन किया।
उन्होंने बताया, "घाटी में शनिवार को कर्फ्यू का उल्लंघन कर रही भीड़ और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।"
श्रीनगर स्थित एक अधिकारी ने बताया, "घायलों में किसी की हालत गंभीर नहीं है।"
हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने शनिवार को बंद का आह्वान किया था। शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ झड़प में चार लोग मारे गए थे और 47 अन्य घायल हो गए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हिंसा रोकने के मकसद से गांदेरबल, बांदीपोरा और अवंतीपोरा को छोड़कर पूरी घाटी में शनिवार को कर्फ्यू लगाया गया।"
श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य बड़े कस्बों में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया था। गांदेरबल, बांदीपोरा और अवंतीपोरा में सुरक्षा की दृष्टि से सख्ती की गई ताकि किसी भी तरह हिंसा को रोका जा सके।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में श्रीनगर-मुजफ्फराबाद राजमार्ग से सटे सिंघपोरा गांव में गुस्साई भीड़ ने पुलिस और सीआरपीएफ के वाहनों पर पथराव किया। यहां सुरक्षा बलों की ओर से की गई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए।
दोनों घायलों में से एक को श्रीनगर के 'शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सूरा' (एसकेआईएमएस) में भर्ती कराया गया है। एक चिकित्सक ने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है।
श्रीनगर के बाहरी इलाके वानाबल में भीड़ ने सीमा सड़क संगठन के एक वाहन में तोड़फोड़ की। बडगाम जिले में श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया।
गौरतलब है कि बीते 11 जून से कश्मीर घाटी में जारी में हिंसा अब तक 57 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications