पाकिस्तान में लश्कर 'सबसे खतरनाक' आतंकी संगठन : अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका का कहना है कि पाकिस्तान में मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा सहित पांच ऐसे 'सबसे खतरनाक' आतंकवादी संगठन हैं जो युद्ध का सामना कर रहे अफगानिस्तान के लिए खतरा बने हुए हैं।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा, "पाकिस्तान और अफगानिस्तान एकदूसरे से नजदीकी से जुड़े हैं। पाकिस्तान में मौजूद पाकिस्तान की पौधशाला अफगानिस्तान में हमारे उद्देश्यों के लिए खतरा है।"
उन्होंने कहा, "अमेरिका का सबसे बड़ा दुश्मन अलकायदा पाकिस्तान के कबायली इलाकों में सक्रिय है। पांच ऐसे सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन हैं जो पाकिस्तान के बाढ़ग्रस्त इलाकों में सक्रिय हैं।"
हॉलब्रुक ने कहा कि मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा भी इन्हीं संगठनों में एक है। उन्होंने कहा, "ये संगठन पाकिस्तान में मौजूद हैं। ये कैलीफोर्निया के क्षेत्रफल जितना इलाके में सक्रिय हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारा मामना है कि पाकिस्तान के अलावा भारत और चीन जैसे देशों का भी अफगानिस्तान से सुरक्षा हित जुड़े हुए हैं। पाकिस्तान के साथ सामरिक स्तर की बातचीत इसी के मद्देनजर महत्वपूर्ण है। "
विकीलीक्स के खुलासे के अनुसार तालिबान और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संबंधों से जुड़े सवाल पर हॉलब्रुक ने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ इस मुद्दे को उठाता रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications