राष्ट्रमंडल खेल : प्रधानमंत्री ने कहा, दुनिया की नजरें भारत पर
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रतिष्ठित राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए दुनिया की नजरें भारत पर लगी हुई हैं। उन्होंने इस आयोजन को 'खेल की उत्कृष्टता और भाईचारगी की भावना' का समारोह करार दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, "चूंकि हम इस प्रतिष्ठित खेल का आयोजन कर रहे हैं, लिहाजा दुनिया की नजरें देश पर लगी हुई हैं। राष्ट्रमंडल खेल केवल खेल की उत्कृष्टता का समारोह नहीं है, बल्कि राष्ट्रमंडल बिरादरी के बीच मित्रता और सौहाद्र्र की भावना का भी समारोह है।"
प्रधानमंत्री ने ये बातें राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी पर आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहीं। बैठक में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस.जयपाल रेड्डी, खेल मंत्री एम.एस.गिल, दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा, "भारत को अपनी संस्कृति, अपनी उपलब्धियों, अपनी मेजबानी और अपनी संगठनात्मक क्षमता को दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने का मौका मिला है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारे खिलाड़ी और खेलकर्मी कठिन प्रशिक्षण से ले रहे हैं और अपने भारतीय नागरिकों से पूर्ण समर्थन व उत्साहवर्धन चाहते हैं।"
प्रधानमंत्री ने सभी संबंधित लोगों से एक मत होकर काम करने का आग्रह किया, ताकि खेलों का आयोजन इस तरीके से हो सके कि राष्ट्र का गौरव बचा रह सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications