नक्सलियों ने की माकपा समर्थक की हत्या
कोलकाता, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में नक्सलियों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक समर्थक की हत्या कर दी। एक अन्य घटना में नक्सलियों से जुड़े होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
पश्चिम मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने बताया, "कोतवाली थाना अंतर्गत चांदेबिला गांव के रहने वाले माकपा समर्थक छोटन महतो की शनिवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। गत शुक्रवार की रात सशस्त्र नक्सलियों के एक गिरोह ने उसे घर से घसीट कर लाया और गोली मार दी।"
उल्लेखनीय है कि जिले के झारग्राम उपमंडल में नक्सलियों ने कई इलाकों में लगातार ध्वंसकारी हमले किए हैं।
धर्मापुर के निकट भोवाडी गांव में बारूदी सुरंग में विस्फोट कर वन गश्त कार्यालय के एक बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट ने बताया, "शनिवार सुबह हमने बड़े धमाके की आवाज सुनी। हमें आशंका हुई कि चरमपंथियों ने और भी बारूदी सुरंग बिछाई है, लेकिन अंधेरे की वजह से हम घटनास्थल पर नहीं जा सके।"
कमांडेंट ने बताया, "इलाके से हमने कई विस्फोटक सामग्री बरामद की। इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा वन गश्त कार्यालय में रखे सभी कागजात नष्ट हो गए।"
झारग्राम पुलिस के प्रमुख प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि नक्सलियों ने नयाग्राम के निकट चालताबेरा गांव में एक खाई पर बने लकड़ी के पुल को जला डाला।
त्रिपाठी ने बताया, "विशेष तौर पर सूचना मिलने पर कि नक्सलियों ने नयाग्राम के निकट के जंगल में ठिकाना बनाया है, संयुक्त बलों ने शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह छापेमारी की।"
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा शनिवार को चलाए गए तलाशी अभियान में नक्सलियों के संपर्क में रहने वाले लक्ष्मीकांत सोरेन को गिरफ्तार किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications