भारत-मेक्सिको जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करेंगे
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। कैनकन में प्रस्तावित वैश्विक जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन के पूर्व मेक्सिको की विदेश मंत्री पैट्रीसिया एस्पिनोसा तीन दिवसीय दौरे पर यहां रविवार को पहुंच रही हैं।
एस्पिनोसा ग्लोबल वार्मिंग से मुकाबले के लिए 29 नवंबर से 10 दिसंबर तक प्रस्तावित संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं के लिए रणनीति तैयार करने हेतु विचार-विमर्श करेंगी।
एस्पिनोसा विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के साथ जलवायु परिवर्तन, आर्थिक संबंधों की मजबूती और संयुक्त राष्ट्र सुधारों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगी। वह पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश और जलवायु परिवर्तन वार्ताओं से जुड़े भारतीय अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी।
दोनों पक्षों के बीच जलवायु परिवर्तन पर नवंबर में होने वाली मंत्रियों की बैठक के बारे में चर्चा होने की उम्मीद है। मंत्रियों की बैठक में ग्लोबल वार्मिंग पर लगाम लगाने के भावी उपायों के आदान-प्रदान के नियमों पर तथा विवादास्पद बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) के मुद्दों से जुड़ी वर्तमान प्रौद्योगिकियों पर स्पष्टीकरण की संभावना है।
भारत यह भी मानता है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने में विकासशील देशों को सक्षम बनाने के लिए प्रौद्योगिकियों व संसाधनों का स्थानांतरण, वैश्विक जलवायु वार्ता के एक सकारात्मक परिणाम के लिए महत्वपूर्ण है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications