ओबामा ने 9/11 स्थल के पास विवादित मस्जिद का समर्थन किया
अरूण कुमार
वाशिंगटन, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने न्यूयार्क के ग्राउंड जीरो के पास एक इस्लामिक केंद्र व मस्जिद के निर्माण के प्रस्ताव का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अपने धार्मिक आचरणों के लिए उतना ही अधिकार है, जितना कि अन्य धर्मो के लोगों को।
ओबामा ने पवित्र रमजान महीने में व्हाइट हाउस में आयोजित एक इफ्तार दावत में कहा, "इन अधिकारों में निचले मैनहट्टन में स्थानीय कानूनों और प्रावधानों के अनुसार निजी संपत्ति पर एक आराधना स्थल और एक सामुदायिक केंद्र के निर्माण का अधिकार शामिल है।"
ओबामा ने कहा कि वह एक नागरिक और राष्ट्रपति, दोनों की हैसियत से बोल रहे हैं। उन्होंने 11 सितंबर, 2001 के हमलों को याद किया। इस्लामिक केंद्र के आलोचक उसके निर्माण को रोकने के रास्ते में 11 सितंबर के हमले को मुख्य कारण मानते हैं।
ओबामा ने कहा, "हमें निचले मैनहट्टन के विकास के इर्द-गिर्द की संवेदनशीलताओं को समझना चाहिए और उसका सम्मान करना चाहिए।" ओबामा ने कहा कि 9/11 का हमला हमारे देश के लिए एक गंभीर दर्दनाक घटना थी।
उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, उनकी पीड़ा कल्पना से परे है। इसलिए इस मुद्दे से जुड़ी भावनाओं को मैं समझता हूं। निश्चित रूप से ग्राउंड जीरो पवित्र भूमि है।"
ओबामा ने हालांकि आग्रह किया कि अमेरिकी आदर्श और संविधान इस बात की मांग करते हैं कि इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा, "यह अमेरिका है और धार्मिक आजादी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अडिग होनी चाहिए।"
ओबामा ने कहा, "वह सिद्धांत जिसके तहत इस देश में सभी मतों के लोगों का स्वागत है, और उनकी सरकार द्वारा उनके साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा, वह सिद्धांत हमारे लिए महत्वपूर्ण है।"
ओबामा की इस टिप्पणी का न्यूयार्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने प्रशंसा की है। ब्लूमबर्ग ने पिछले सप्ताह इस्लामिक केंद्र के लिए अपने समर्थन की घोषणा की थी।
ब्लूमबर्ग ने कहा, "मैं राष्ट्रपति ओबामा द्वारा आज रात धार्मिक आजादी का पक्ष लिए जाने की प्रशंसा करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications