बिहार में सूखाग्रस्त जिलों के लिए 605 करोड़ रुपये मंजूर
मंत्रिमंडल सचिवालय के एक अधिकारी के मुताबिक बैठक में सूखाग्रस्त जिलों में कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले डीजल पर किसानों को अनुदान देने के लिए 605 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति की गई।
मंत्रिमंडल ने प्रदेश के शेष 10 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बने आपदा प्रबंधन समूह को अधिकृत किया है। यह समूह उन जिलों के जिलाधिकारियों से वर्षा और फसलों की बुआई की स्थिति की रिपोर्ट लेकर उन्हें सूखाग्रस्त घोषित कर सकता है।
इससे पहले आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ने 10 जिलों के जिलाधिकारी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बारिश की स्थिति तथा फसलों की बुआई के संबंध में जानकारी ली।
केन्द्रीय दल भी राज्य में सूखाग्रस्त गया, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, बांका, वैशाली तथा जहानाबाद जिलों का दौरा कर यह मान चुका है कि राज्य में बारिश नहीं होने के कारण धान की बुआई नहीं हुई है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ेगा।
केन्द्रीय दल में शामिल अधिकारियों ने राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने कुल 38 जिलों में से 28 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। शेष 10 जिलों में भी बारिश के हालात ठीक नहीं माने जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications