पुलिस के वाहन ने राहगीरों को रौंदा, 5 मरे (लीड-1)
पुलिस के मुताबिक शनिवार को भोपाल जेल के कैदियों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था। लौटते समय रायल मार्केट के करीब पुलिस का वाहन अनियंत्रित हो गया और उसने राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। अनियंत्रित वाहन ने एक मिनी बस और मोटर साइकिलों को टक्कर मारी।
भोपाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदर्श कटियार ने कहा कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। बाकी सभी घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि रॉयल मार्केट की सड़क पर ढलान है जिसकी वजह से वाहन अनियंत्रित हो गया ।
इस हादसे के बाद उत्तेजित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के छात्रों के अनुसार इस हादसे में उनके दो साथी मारे गए हैं और तीन घायल हो गए। उनका आरोप है कि वाहन चालक नशे में था इसी कारण इतने लोग चपेट में आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications